Subharti University: स्वामी विवेकानन्द सुभारती विश्वविद्यालय के सरदार पटेल सुभारती लॉ कॉलेज के प्रेक्षागृह में जी-20 श्रृंखला के तहत एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य के विषय पर भारत कोरिया संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दक्षिण कोरिया के अति विशिष्ट बौद्ध प्रतिनिधि मण्डल एवं मुख्य अतिथि भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव श्री तरुण चुघ ने विश्व शान्ति एवं विकास हेतु विचारों का आदान प्रदान किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दक्षिण कोरिया के धर्मगुरु यिमडाम सियो यूयीहयून के नेतृत्व में प्रतिनिधि मण्डल में शामिल बौद्ध संत एवं मुख्य अतिथि भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव श्री तरुण चुघ, बौद्ध विद्वान अश्वघोष, सुभारती विश्वविद्यालय के कुलपति मेजर जनरल डा. जी.के.थपलियाल, सम्राट अशोक सुभारती स्कूल ऑफ बुद्धिस्ट स्टडीज के सलाहकार डा. हिरो हितो, पदमश्री माधुरी बड़त्वाल ने प्राचीन बोधि वृक्ष पर तथागत की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्जवलन कर किया। सुभारती अस्पताल के चिकित्सा उपाधीक्षक डा. कृष्णा मूर्ति ने मुख्य अतिथि श्री तरुण चुघ एवं कोरिया के प्रतिनिधि मण्डल के सदस्यों का सुभारती परिवार की ओर से स्वागत किया।
सुभारती विश्वविद्यालय के कुलपति मेजर जनरल डा.जी.के.थपलियाल ने कोरिया के बौद्ध प्रतिनिधि मण्डल एवं मुख्य अतिथि भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव श्री तरुण चुघ का सुभारती परिवार की ओर से अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि भारत एवं दक्षिण कोरिया के बीच पिछले पचास वर्षो से गहरे सम्बन्ध है। दोनों देश एक दूसरे के विकास हेतु प्रतिबद्धता से कार्य कर रहे है। उन्होंने कहा कि इसी दिशा में सुभारती विश्वविद्यालय तथागत बुद्ध के आदर्शों को आत्मसात करते हुए मानव विकास एवं शान्ति हेतु कार्य कर रहा है। उन्होंने प्रतिनिधि मण्डल के सदस्यों को सुभारती विश्वविद्यालय के शिक्षा, सेवा संस्कार एवं राष्ट्रीयता के मंत्र से रूबरू कराया। उन्होंने जी 20 कार्यक्रम के तहत शान्ति, एकता एवं विकास के कार्यों को प्रमुखता से करने की बात कही।
मुख्य अतिथि भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव श्री तरुण चुघ ने कोरिया के बौद्ध प्रतिनिधि मण्डल के सदस्यों का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि जी 20 कार्यक्रम की अध्यक्षता करना भारत के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि जी 20 कार्यक्रम के तहत विश्व शांति, एकता एवं उन्नति हेतु कार्य किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि तथागत बुद्ध के संदेश को विश्व कल्याण हेतु भारत के आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हथियारों ने नही बल्कि शान्ति से विश्व की उन्नति होगी, यही संदेश मोदी जी का है। उन्हांने सुभारती समूह के संस्थापक डा. अतुल कृष्ण को बधाई देते हुए कहा कि सुभारती समूह ने तथागत बुद्ध के संदेश को विश्व उत्थान हेतु समाज में स्थापित करने का गौरवशाली कार्य किया है। उन्हीं की प्रेरणा से सभी को अपने जीवन में सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए।
ये भी पढ़ें: CCS University Meerut को मिला NAAC A+++ ग्रेड, कुलपति ने दी शुभकामनाएं
दक्षिण कोरिया के धर्मगुरु यिमडाम सियो यूयीहयून ने कहा कि भारत कोरिया में हमेशा से मधुर संबंध रहे है। उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति विश्व के लिए प्रेरणा का स्त्रोत है। उन्होंने कहा कि जी 20 की अध्यक्षता तथागत की धरती भारत देश से हो रही है, यह सभी के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि बुद्ध के संदेश को आत्मसात करते हुए विश्व को शांति, उन्नति एवं एक परिवार के रूप में कार्य करना चाहिए। इससे मानव सभ्यता का विकास होगा। उन्होंने सुभारती विश्वविद्यालय द्वारा तथागत बुद्ध की शिक्षाओं एवं बौद्ध इतिहास व सभ्यता के प्रचार प्रसार हेतु किये जा रहे कार्यो की सराहना की।
सम्राट अशोक सुभारती स्कूल ऑफ बुद्धिस्ट स्टडीज के सलाहकार डा. हिरो हितो ने बताया कि जी 20 श्रृंखला के तहत एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य के विषय पर भारत कोरिया संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि कोरिया के अति विशिष्ट बौद्ध प्रतिनिधि मण्डल के सदस्यों ने सुभारती विश्वविद्यालय स्थित बोधि उपवन का भ्रमण करते हुए प्राचीन बोधि वृक्ष पर विश्व शांति हेतु प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि भारत में प्राचीन सभ्यता के प्रतीक तथागत गौतम बुद्ध है और उनके द्वारा पूरे संसार को शान्ति के साथ उन्नति करने एवं करुणा के साथ जीवन जीने की शिक्षा दी गई है। इसी मार्ग पर सुभारती विश्वविद्यालय द्वारा तथागत बुद्ध की शिक्षाओं एवं बौद्ध इतिहास व सभ्यता के प्रचार प्रसार हेतु किये जा रहे है। इस अवसर पर डा. मोहित वाधवा, डा. सीमा शर्मा, आलोक कुमार, प्रवीण कुमार, पल्लवी त्यागी, मनीषा त्यागी, राज कुमार सागर सहित आयोजन समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहे।
एजुकेशन की तमाम खबरों के लिए हमारा YouTube Channel ‘DNP EDUCATION’ को अभी subscribe करें।